Site icon uttarakhandyouthnews.com

गुलदार के हमले से महिला घायल,ग्रामीणों में दहशत

रूद्रप्रयाग: बसुकेदार उप तहसील के डांगी-सिनघाटा गांव में पौधारोपण कर रही महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर दिया। इस घटना में 40 वर्षीय महिला संपदा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें परिजनों द्वारा सीएचसी अगस्त्यमुनि में भर्ती किया गया है। गुलदार के हमले के बाद से क्षेत्रीय जनता में दशहत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। संपदा देवी पत्नी ताजबर सिंह गांव की अन्य महिलाओं के साथ प्राथमिक विद्यालय डांगी के समीप खेतों में पौध लगा रहीं थी। तभी झाड़ियों में छुपे गुलदार ने महिलाओं के समूह पर हमला कर दिया। इस दौरान अन्य महिलाएं तो चिल्लाते हुए इधर-उधर भाग गईं। लेकिन संपदा देवी को गुलदार ने पंजों से कई हमले कर लहुलूहान कर दिया। महिलाओं की सूचना पर घायल के परिजन व अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सीएचसी अगस्त्यमुनि पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति में सुधार है। डॉक्टर ने बताया कि महिला के सिर पर टांके आए हैं। साथ ही हाथ, पैरों पर भी जख्म हैं। दूसरी तरफ रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के रेंजर यशवंत सिंह चैहान ने अस्पताल पहुंचकर महिला की कुशलक्षेम पूछी। वहीं, ग्राम प्रधान सतेंद्र राणा ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्कूल के समीप हुई इस घटना के बाद से ग्रामीणों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भय पैदा हो गया है।

Exit mobile version