विश्व पर्यावरण दिवस पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन का विशाल स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान, 400 स्वयंसेवकों ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी।

मसूरी, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा मसूरी में विशाल स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में लगभग 400 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लाइब्रेरी चौक से पिक्चर पैलेस तक व्यापक सफाई अभियान चलाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी, संत निरंकारी मिशन मसूरी जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, देहरादून क्षेत्र के क्षेत्रीय संचालक दिलबर सिंह पवार तथा सेवादल के सदस्यों द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने पूरे मार्ग पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूरे भारतवर्ष में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पर्यटक नगरी मसूरी सहित देश के 17 अन्य शहरों में भी सफाई अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
बारिश के बावजूद स्वयंसेवकों का उत्साह देखने योग्य रहा। प्रतिकूल मौसम के बावजूद सभी स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण भाव से सेवा कार्य में भाग लिया। सफाई अभियान के दौरान लगभग दो कुंतल कूड़ा एकत्रित किया गया, जिसे नगर पालिका परिषद के सहयोग से उचित स्थान पर निस्तारित किया गया। इस अभियान ने न केवल शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया।

इस अवसर पर अंबेडकर चौक से झूला घर शहीद स्थल तक एक भव्य जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में शामिल स्वयंसेवकों, बच्चों एवं सेवादारों ने “ग्रीन मसूरी, क्लीन मसूरी” तथा “प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों हानिकारक हैं” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। रैली के दौरान नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

अभियान के दौरान बच्चों द्वारा स्वच्छता जागरूकता पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। मुस्कान जी एवं उनकी टीम ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। नुक्कड़ नाटक को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा तथा बच्चों के इस प्रयास की प्रशंसा की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीरा सकलानी ने स्वयंसेवकों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि, “इतनी बारिश होने के बावजूद भी आप सभी सेवा में निरंतर लगे हुए हैं। मैं आप सभी का तहे दिल से धन्यवाद करती हूं। आपका यह समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”
कार्यक्रम के दौरान जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी का पौधा भेंट कर स्वागत किया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आज सायं 5:00 बजे से 8:00 बजे तक ‘सूफी नाइट एवं वननेस टॉक’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत निरंकारी मंडल के प्रचार-प्रसार विभाग के कोऑर्डिनेटर श्री हेमराज शर्मा जी करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से मानव एकता, पर्यावरण संरक्षण, आध्यात्मिक जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए जाएंगे।
इस अवसर पर देहरादून क्षेत्र के क्षेत्रीय संचालक दिलबर सिंह पवार, मसूरी के संचालक सुमित कंसल, शिक्षक हरपाल खत्री, बहनों की इंचार्ज बहन श्रुति जी, संत निरंकारी मंडल के प्रचार-प्रसार विभाग के कोऑर्डिनेटर श्री हेमराज शर्मा, चैरिटेबल फाउंडेशन के सदस्य कुणाल सक्सैना एवं उनकी टीम सहित बड़ी संख्या में संत निरंकारी मिशन के सेवादार और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान निस्वार्थ सेवा, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संत निरंकारी मिशन की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम ने स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायक संदेश दिया।




