नाला बंद होने से लाइब्रेरी मालरोड स्थित पदमिनी निवास खतरे की जद में।

मसूरी। लाइब्रेरी मालरोड पर कसमंडा जाने वाले मार्ग से बरसात का पानी मालरोड होते हुए होटल पदमिनी निवास की ओर जा रहा है जिसके कारण होटल का मुख्य गेट झुक गया है व पुश्ता ढह गया है वहीं पानी होटल के रिसेप्शन तक जा रहा है, व बरसात में रोड पर इतना पानी हो जाता है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। जिससे आने वाले समय में भारी नुकसान हो सकता है लेकिन सूचना देने के बाद भी नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
लाइब्रेरी क्षेत्र में कसमंडा जाने वाले मार्ग से बरसात का पानी बहुत तेजी में रोड पर आता है व रोड के नीचे बना नाला लंबे समय से बंद होने के कारण सारा पानी पदमिनी निवास के मार्ग से जाता है, जिस कारण इस मार्ग पर बरसात में इतना पानी होता है कि कोई पैदल भी नहीं चल सकता। वहीं पानी का बहाव तेज होने से होटल का मुख्य गेट भी झुक कर क्षतिग्रस्त हो गया है व पुश्ता ढह गया है, अगर शीघ्र नाला नहीं खोला गया तो बड़ा नुकसान हो सकता है। वहीं मालरोड पर भी पानी इतना अधिक हो जाता है कि रोड से गुजरना कठिन हो जाता है। इस संबंध में होटल की स्वामिनी हर्षदा वोहरा ने कहा कि कई बार नगर पालिका को कहा गया लेकिन नाला नहीं खोला गया जिसका नुकसान उनकी संपत्ति को हो रहा है। उन्होंने बताया कि जब मालरोड के सौदर्यीकरण का कार्य किया गया उस समय नाला बंद कर दिया गया था जो आज तक नहीं खुला व बरसात में उनकी संपत्ति को नुकसान होता जा रहा है। इस संबंध में नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि नाला बंद होने से समस्या हो रही है, लेकिन पालिका ने विगत दिनों पालिका के अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह व नायब तहसीलदार कमल राठौर को मौके पर भेजा था। उन्होंने कहा कि जैसे ही बरसात कम होगी नाला खोलने का कार्य शुरू कर दिया जायेगा।




